
नई दिल्ली, 21 जनवरी। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में ख्याला वार्ड से आम आदमी पार्टी की पूर्व निगम प्रत्याशी सुनीता सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष व आम आदमी पार्टी पूर्वांचल शक्ति पश्चिमी जिला मंत्री उमेद सिंह, तिलकनगर विधानसभा से आम आदमी पार्टी प्रवक्ता अनवर खान सहित आम आदमी पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा परिवार में सम्मिलित करवाया। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह-प्रभारी श्री तरुण चुघ, प्रदेश मीडिया प्रमुख अशोक गोयल देवराहा उपस्थित थे।
भाजपा में शामिल हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार और कांग्रेस पार्टी से आम जनता का मोह भंग हो चुका है इसलिए दिल्ली के लोग केजरीवाल और कांग्रेस को अब दिल्ली में सत्ता में नहीं देखना चाहते हैं। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी को न केवल जनता का अपार सहयोग मिल रहा है बल्कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कई नेता भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता स्वीकार कर रहे हैं।
ख्याला वार्ड से आम आदमी पार्टी की पूर्व निगम प्रत्याशी सुनीता सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने पांच साल के कार्यकाल में युवा, महिला, किसान, मजदूर, ऑटो चालक और आम आदमी को छलने का काम किया है। भाजपा का हर काम जनता को समर्पित होता है और भाजपा जनता के हर दुख को हरने की हर मुमकिन कोशिश करती हैं। अराजक केजरीवाल सरकार जो देश के टुकड़े-टुकड़े चाहने वालों का समर्थन कर उनके बचाव का काम करती है, उन्हें देश की जनता ही नहीं दिल्ली की जनता भी माफ नहीं करेगी।
आम आदमी पार्टी पूर्वांचल शक्ति पश्चिमी जिलाध्यक्ष उमेद सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि बिहार-यूपी के लोग 500 का टिकट कटाकर दिल्ली आते हैं और 5 लाख का इलाज मुफ्त में करवाकर चले जाते हैं। आम आदमी पार्टी के मुखिया के इस बयान और पराए व्यवहार से पूर्वांचली बहुत आहत हुए हैं। भाजपा ही एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है जो हर समुदाय के लोगों को सम्मान देती है।
तिलकनगर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रवक्ता अनवर खान ने कहा कि दिल्ली के लिए एक ही बात कही जा सकती है कि मोदी जी ने ठाना है, दिल्ली को सर्वोत्तम बनाना है। दिल्ली को आज तक आम आदमी पार्टी भ्रमित करती रही और भाजपा यथासम्भव दिल्ली की समस्याओं को निपटाती रही। अनधिकृत कॉलोनियों को लेकर झूठ व भ्रम फैलाने वालों पर मोदी जी ने ऐसा प्रहार किया कि आज दिल्ली में रजिस्ट्रियों के माध्यम से लोगों को उनके घर का मालिकाना हक मिल रहा है।