सलमान खान की फिल्म ‘रेस 3’ 3 दिन में 80 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन कर चुकी है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही इस पर फनी वीडियो भी सोशल मीडिया पर आने लगे थे। कलेक्शन को देखते हुए रेस 3 को सलमान खान की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म मानी जा रही है। लेकिन सलमान खान के फैन्स इस फिल्म को देखने के बाद सदमे में हैं।
दरअसल फिल्म रिलीज के बाद दर्शक ‘रेस 3’ का मजाक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग रेस-3 की जमकर खिल्ली उड़ा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा- अनुष्का- आप सड़क पर कचरा क्यों फेक रहे हैं? सलमान फैंस- वो रेस 3 की टिकट है।
बता दें कि रेस फिल्म की पिछली दोनों हिट फ्रैंचाइजी के बाद इस बार रेस की स्टारकास्ट काफी बदल गई है। पहले रेस में आपको अक्षय खन्ना फिर रेस-2 में जॉन अब्राहम नजर आये थे।
पिछली फिल्मों से सिर्फ अनिल कपूर ही ऐसे हैं, जो इस बार भी रेस में हैं, जबकि जैकलीन फर्नांडिस ‘रेस 2’ के बाद ‘रेस 3’ में भी हैं। वहीं डायरेक्टर अब्बास-मस्तान की बजाय ‘रेस 3’ को रेमो डिसूजा ने डायरेक्ट किया है। आपको बता दें कि इस ‘रेस 3’ का पिछली दोनों फिल्मों से कोई लेना-देना नहीं है।
फिल्म रिव्यू-
फिल्म की कहानी शमशेर सिंह यानि अनिल कपूर से शुरू होती है, जो करीब 25 साल पहले भारत से एक साजिश का शिकार होकर अल शिफा आइसलैंड आ जाता है। वह अवैध हथियारों का डीलर है। उसके बड़े भाई रणछोड़ सिंह का बेटा सिकंदर यानि सलमान खान उसका दायां हाथ है। बड़े भाई की एक एक्सिडेंट में मौत के बाद शमशेर ने अपनी भाभी से शादी कर ली थी, जिससे उसके दो जुड़वा बच्चे सूरज यानि साकिब सलीम और संजना यानि डेजी शाह हैं।
फिल्म का एक और किरदार यश यानि बॉबी देओल सिकंदर का बॉडीगार्ड है। वहीं जेसिका यानि जैकलीन फर्नांडिस पहले सिकंदर की गर्लफ्रेंड थी, लेकिन फिर वह यश के साथ आ जाती है।
सिकंदर अपनी फैमिली के लिए जान देता है, लेकिन उसके सौतेले भाई-बहन उससे नफरत करते हैं। वे यश को भी भड़का कर अपनी ओर मिला लेते हैं। शमशेर वापस अपने वतन भारत जाना चाहता है और किस्मत से उसे एक मौका मिल जाता है। उसके इस मिशन को पूरा करने सिकंदर के साथ सूरज, संजना, यश और जेसिका कंबोडिया जाते हैं, जहां सूरज, संजना और यश मिलकर सिकंदर को फंसा देते हैं, लेकिन वह जेसिका की मदद से बच निकलता है। उसके बाद खुलते हैं कई ऐसे राज़ जिन्हें जानने के लिए आपको सिनेमा देखना होगा।
सलमान खान ने फिल्म में सैफ अली खान की जगह ली है। बेशक, वह काफी स्मार्ट लग रहे हैं और उन्होंने कई अच्छे ऐक्शन सीन भी किए हैं, लेकिन सैफ के चाहने वाले रेस में उन्हें जरूर मिस करेंगे। ईद पर सलमान खान के फैन्स को भाई के जबर्दस्त ऐक्शन की डोज चाहिए होती है।
उनके लिए शुरुआत और आखिर में कुछ सीन हैं, लेकिन कहानी के लेवल पर फिल्म एकदम बकवास है। फिल्म आगे बढ़ने के साथ आप उम्मीद करते हो कि अब कुछ होगा, अब कुछ होगा, लेकिन तब तक दो घंटे बीत चुके होते हैं। खासकर फिल्म का फर्स्ट हाफ देखकर आप खुद को लुटा-पिटा महसूस करते हो। सेकंड हाफ में जरूर कुछ ट्विस्ट हैं, लेकिन ऐसे नहीं कि आपको रोमांचित करे। समझ नहीं आता कि दो घंटे की फिल्मों के दौर में रेमो डिसूजा ने पौने तीन घंटे की फिल्म बनाने का रिस्क क्यों लिया।